छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। बैंक अपडेट के नाम पर WhatsApp पर भेजे गए फर्जी लिंक पर क्लिक करना एक व्यापारी को भारी पड़ गया। ठगों ने यूनियन बैंक का लोगो लगाकर भरोसा जीतने की कोशिश की और खाते से 1 लाख 33 हजार रुपये निकाल लिए।
जानकारी के अनुसार, चोपड़ापारा निवासी व्यापारी पूरन अग्रवाल के यूनियन बैंक के सीसी लिमिट खाते पर एक WhatsApp संदेश भेजा गया। संदेश में बैंक खाते को अपडेट करने के लिए एक लिंक दिया गया था। व्यापारी द्वारा लिंक पर प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही समय बाद खाते से आईएमपीएस (IMPS) के माध्यम से 1.33 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
घटना का पता चलने पर पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर अपराधियों की पहचान और रकम की ट्रेल खंगाल रही है।
साइबर सुरक्षा के लिए रखें ये सावधानियां
WhatsApp, SMS या ईमेल पर आए किसी भी बैंक लिंक पर बिना पुष्टि किए क्लिक न करें।
बैंक कभी भी लिंक भेजकर KYC या खाता अपडेट करने के लिए नहीं कहता।
किसी भी संदिग्ध लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी, OTP या पासवर्ड साझा न करें।
ठगी की आशंका होने पर तुरंत बैंक की हेल्पलाइन और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।







