CG Accident : बिलासपुर में रफ़्तार का जुनून और शराब पीकर वाहन चलाना अब जानलेवा साबित हो रही है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में जहाँ कार पलटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं तखतपुर मार्ग पर एक अनियंत्रित हाइवा पलट गया।
जिले में रफ़्तार के कहर की पहली तस्वीर महादेवा तालाब के पास से आई, जहाँ तीन भाई कार में सवार होकर जा रहे थे। अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने की कोशिश में कार की गति इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो भाई जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। वहीं, दूसरी घटना बिलासपुर-मुंगेली मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुई, जहाँ टायर फटने के बाद एक हाइवा बीच सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि उस वक्त सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।








