Breaking

CG NEWS : खल्लारी मंदिर रोपवे हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़ा, घायल गोविंद स्वामी ने भी तोड़ा दम; अब तक 2 की मौत

Chhattisgarh RRT News Desk 25 March 2026

post

CG NEWS : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खल्लारी मंदिर में हुए भीषण रोपवे हादसे ने अब एक और जिंदगी छीन ली है। रविवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल 47 वर्षीय गोविंद स्वामी की मंगलवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। रायपुर के निजी अस्पताल में संघर्ष कर रहे गोविंद ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद इस हादसे में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 2 हो गई है।

Advertisement


कैसे हुआ था यह खौफनाक हादसा?

बता दें कि यह हृदयविदारक घटना 22 मार्च की सुबह उस वक्त हुई जब श्रद्धालु माता के दर्शन कर नीचे लौट रहे थे। रायपुर के राजातालाब निवासी एक ही परिवार के सदस्य और उनके रिश्तेदार रोपवे ट्रॉली में सवार थे। ट्रॉली ने कुछ ही दूरी तय की थी कि अचानक रोपवे का मुख्य केबल टूट गया। केबल टूटते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। वहीं, झटके के कारण दूसरी ट्रॉली भी स्टेशन से जा टकराई। इस हादसे में कुल 16 श्रद्धालु लहूलुहान हो गए थे।


हंसता-खेलता परिवार हुआ तबाह

हादसे के तुरंत बाद पाटन आत्मानंद स्कूल की शिक्षिका आयुषी धावरे की मौत हो गई थी। अब आयुषी के रिश्तेदार गोविंद स्वामी की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।


आयुषी धावरे (शिक्षिका) और गोविंद स्वामी (47 वर्ष) की मौत हो गई है, गोविंद स्वामी की पत्नी नमिता स्वामी (45) और उनकी मासूम बेटी अंशुमिता (10) की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने की कोशिश कर रही है।



हादसे के वक्त ट्रॉली में ऋषभ धावरे (29), छायांश धावरे (16), आयुषी धावरे (28), मानसी गोडरिया (12), नमिता स्वामी (45), अंशुमिता स्वामी (10) और गोविंद स्वामी सवार थे। अन्य घायल श्रद्धालुओं का भी इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।


खल्लारी जैसे प्रसिद्ध मंदिर में हुए इस हादसे ने रोपवे प्रबंधन और सुरक्षा मानकों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 



You might also like!