CG NEWS : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगली हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय केशव के रूप में हुई है, जो कोटबहरा गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि केशव काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अचानक हाथी से सामना हो गया। हाथी ने उस पर हमला कर उसे पटक दिया और कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह हादसा वन परिक्षेत्र सूरजपुर के कोटबहरा जंगल में हुआ बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि इन दिनों सूरजपुर और प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। इससे आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खासे सहमे हुए हैं।







