Breaking

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में बड़ा कदम, साय सरकार और UNICEF मिलकर तैयार करेंगे मास्टर प्लान

Chhattisgarh RRT News Desk 23 July 2026

post

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास के लिए UNICEF के तकनीकी सहयोग से समन्वित और परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement

बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री श्री साय से UNICEF भारत की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने शिष्टाचार भेंट की। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर, कुपोषण और बच्चों के पोषण स्तर में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास सहित सभी संबंधित विभागों को साझा लक्ष्य के साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभागों के बेहतर समन्वय और UNICEF के तकनीकी सहयोग से ऐसी रणनीति तैयार की जाए, जिससे स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे और प्रदेश में कुपोषण तथा मातृ-शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाई जा सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंथिया मैककैफ्रे का छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान 'नंदी' भेंट कर स्वागत किया। वहीं UNICEF की भारत प्रतिनिधि ने भारत में UNICEF के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया।

UNICEF की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संपदा और समृद्ध संस्कृति वाला राज्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और UNICEF के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बनेगा।

You might also like!