Breaking

Chhattisgarh Paddy Procurement News: खरीफ सीजन की तैयारियों की खाद्य मंत्री ने की समीक्षा, धान खरीदी केंद्रों और किसान पंजीयन में तेजी के निर्देश

Chhattisgarh 07 September 2026

post

रायपुर, 7 सितंबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धान खरीदी, कस्टम मिलिंग, चावल भंडारण, किसान पंजीयन, बारदानों की व्यवस्था और गोदाम निर्माण सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई।

Advertisement

धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

मंत्री दयालदास बघेल ने आगामी खरीफ विपणन वर्ष के लिए धान खरीदी की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवीन खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। शेष किसानों का पंजीयन जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

कस्टम मिलिंग और चावल भंडारण में तेजी पर जोर

मंत्री ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान भारतीय खाद्य निगम और नागरिक आपूर्ति निगम में कस्टम मिलिंग चावल के उपार्जन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान चावल के भंडारण एवं वितरण की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से करने को कहा गया।

इसके साथ ही खरीदी केंद्रों और संग्रहण केंद्रों में होने वाली शॉर्टेज को कम करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गोदाम निर्माण की प्रगति की समीक्षा

बैठक में राज्य भंडार गृह निगम के अंतर्गत निर्माणाधीन गोदामों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्माणाधीन गोदामों का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि धान और चावल के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहे।

धान खरीदी शुरू होने से पहले नापतौल विभाग को धर्मकांटों का सत्यापन पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। इससे खरीदी केंद्रों पर तौल व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया।

सिटी गैस वितरण योजना की वेबसाइट का शुभारंभ

बैठक के दौरान मंत्री दयालदास बघेल ने सिटी गैस वितरण योजना से संबंधित विभागीय वेबसाइट का भी शुभारंभ किया। बैठक में खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, संचालक खाद्य डॉ. फरिया आलम, नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक विलास भोसकर संदीपन, विपणन संघ के प्रबंध संचालक जितेंद्र शुक्ला, भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक दीपक शर्मा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिला खाद्य नियंत्रक एवं खाद्य अधिकारी, जिला विपणन अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक, राज्य भंडार गृह निगम के प्रबंधक और नापतौल विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।

You might also like!