Breaking

Chhattisgarh Senior Citizens: वरिष्ठजनों का अनुभव हमारी शक्ति और उनकी गरिमा हमारी जिम्मेदारी :- मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े

Chhattisgarh 01 October 2026

post

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग ने रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ आयोजित किया। समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों से संवाद किया और उन्हें वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए।

Advertisement

महाकुंभ में नई ‘सियान आशीष सेवा’ योजना के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,810 वरिष्ठ नागरिकों को पूरे देश में निःशुल्क यात्रा के लिए बस पास प्रदान किए गए। इसके अलावा जरूरत के अनुसार 2 हजार छड़ियां, 1 हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी वितरित की गईं। बस पास से वरिष्ठजनों को यात्रा में सुविधा मिलेगी, जबकि सहायक उपकरण रोजमर्रा की गतिविधियों को आसान बनाने में मदद करेंगे।

‘वरिष्ठजनों का अनुभव हमारी शक्ति, गरिमा हमारी जिम्मेदारी’

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वरिष्ठजन सांस्कृतिक विरासत और जीवन के अनुभव के संवाहक हैं। उनके परिश्रम ने परिवार और समाज को मजबूत आधार दिया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ उनके अनुभव को समाज के विकास में भी स्थान दिया जाना चाहिए। उनके अनुसार, वरिष्ठजन केवल अतीत की विरासत नहीं, बल्कि वर्तमान विकास में भी सहभागी हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प और ‘नवा अंजोर-अंजोर 2047’ की सोच में वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का वृद्धजन कल्याण केवल पेंशन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा, देखभाल, आवागमन, सामाजिक सहभागिता और गरिमापूर्ण जीवन को भी इसमें शामिल किया गया है।

पेंशन योजनाओं के लिए 850 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान

वित्तीय वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 400 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वर्तमान में प्रदेश के 15,90,080 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ समय पर, पारदर्शिता के साथ और सम्मानपूर्वक पहुंचे।

2.55 लाख से ज्यादा वरिष्ठजनों ने की तीर्थयात्रा

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि अब तक 2,55,845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा कई वरिष्ठजनों की जीवनभर की इच्छा होती है और योजना उन्हें इसे पूरा करने का अवसर देती है। इसी तरह सियान आशीष सेवा योजना के बस पास वरिष्ठजनों के आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक पहल है।

सियान हेल्पलाइन समेत कई व्यवस्थाओं पर जोर

मंत्री ने वरिष्ठजनों के लिए सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत के समय उन्हें सहायता और भरोसा मिलना चाहिए। उन्होंने वृद्धाश्रमों, अटल वयो अभ्युदय योजना, प्रशामक देखरेख गृह और सियान गुड़ी जैसी व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य वरिष्ठजनों को सुरक्षित, आत्मीय और सम्मानपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे स्वस्थ और सक्रिय रहते हुए परिवार तथा समुदाय से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों से नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों के जीवन में आई सुविधा और उनके चेहरे की मुस्कान से आंकी जानी चाहिए।

रायपुर में शुरू हुए ‘सियान आशीष सेवा’ और ‘सियान श्रम सम्मान’

अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की।

प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा के तहत जिले के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निःशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

वहीं प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान के तहत श्रम विभाग में लंबे समय से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके तहत 60 वरिष्ठ श्रमिकों को लाभ दिए जाने की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ निर्माण श्रमिकों के लिए पेंशन और सहायता

पात्र निर्माण श्रमिकों के लिए 60 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना के तहत 1,500 रुपये मासिक पेंशन का प्रावधान है। वहीं तीन वर्ष से पंजीकृत और 59 से 60 वर्ष आयु के श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है।

रायपुर जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ निर्माण श्रमिकों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास तथा विधायक पुरंदर मिश्रा और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।

समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, संचालक गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

You might also like!