Breaking
- UCC News: समान नागरिक संहिता पर जनपरामर्श, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने दिए...
- Agriculture Education News: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय को मिला A ग्रेड, ...
- Town Planning News: छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्...
- Transport News: छत्तीसगढ़ में पहली बार Volvo 9600 SLX स्लीपर बसों की शुरुआत, ...
- Raipur Municipal Action: रामनगर-कर्मा चौक में निगम की संयुक्त कार्रवाई, गंदगी...
- Chhattisgarh Cabinet News: मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक, कई ...
- Mahasamund Crime News: खैर लकड़ी के फर्जी NOC मामले में 81 लाख रुपये बरामद, 1...
- Raipur BJP News: पीएम मोदी के जन्मदिन पर छत्तीसगढ़ में जलेंगे 36 लाख ‘आशीर्वा...
- Education News: पदोन्नति में देरी से शिक्षा विभाग में बढ़ा प्रभारवाद, संयुक्त...
- Raipur Higher Education News: पांच साल से अटकी 595 प्रोफेसरों की भर्ती, 1533 ...
Town Planning News: छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति, युवा टाउन प्लानर्स संभालेंगे शहरों के भविष्य की जिम्मेदारी

रायपुर, 9 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को सुनियोजित दिशा देने के लिए नगर तथा ग्राम निवेश विभाग को नई ताकत मिली है। राज्य निर्माण के बाद पहली बार विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालक (योजना) नियुक्त किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 युवा अधिकारी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के बाद 25 वर्षों में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी। इसके मुकाबले इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता और पेशेवर क्षमता बढ़ेगी तथा प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरीकरण को बेहतर तरीके से नियोजित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने नवचयनित अधिकारियों के माता-पिता और परिजनों को भी बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के जीवन में आज से नई जिम्मेदारी की शुरुआत हुई है। उनके साथ परिवार की अपेक्षाएं और प्रदेश की उम्मीदें भी जुड़ी हैं।
बढ़ते शहरों के लिए वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शहरीकरण की गति लगातार बढ़ रही है। गांवों से शहरों की ओर आबादी के विस्तार के साथ नगरों की सीमाएं बढ़ रही हैं और प्रमुख सड़कों व शहरों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। ऐसे में आवासीय क्षेत्र, व्यावसायिक गतिविधियां, सड़क, परिवहन, सार्वजनिक स्थल, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालीन योजना बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शा बनाने या भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य पर पड़ता है। सुनियोजित योजना से शहरों का विकास व्यवस्थित होता है और भविष्य में अनियोजित विस्तार से पैदा होने वाली समस्याओं को रोका जा सकता है।
ईमानदारी और जनहित को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि शासकीय सेवा जनता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों के फैसलों का सीधा प्रभाव आम नागरिकों पर पड़ता है, इसलिए प्रत्येक जिम्मेदारी को ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निभाया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से अपनी तकनीकी शिक्षा, आधुनिक ज्ञान और नवाचार का उपयोग प्रदेश के बेहतर नियोजन में करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि नागरिकों को अपने काम के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और नियमों का पालन करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ के अनुरूप विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ तैयार किया है। इसका उद्देश्य आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाओं, युवाओं के अवसरों और समाज के सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाने वाला प्रदेश तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं होगा। इसमें शासन-प्रशासन, युवा और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
ढाई साल में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक और शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। बिजली विभाग में भी 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। उद्योग, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से भी रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
पारदर्शी भर्ती के बाद पारदर्शी कार्यशैली पर जोर
वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की पेशेवर क्षमता में वृद्धि होगी।
उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि जिस तरह उनकी नियुक्ति पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया से हुई है, उसी तरह उनकी कार्यशैली में भी पारदर्शिता और ईमानदारी दिखाई देनी चाहिए। नक्शा स्वीकृति या अन्य कार्यों के लिए कार्यालय आने वाले नागरिकों को सरल, संवेदनशील और पारदर्शी व्यवस्था का अनुभव मिलना चाहिए।
युवा अधिकारियों के ज्ञान और ऊर्जा से विकास को मिलेगी गति
वन मंत्री केदार कश्यप ने नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देंगे।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन उपस्थित रहे।






