रायपुर/गरियाबंद। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गरियाबंद जिले के अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। भगवान श्री जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं तथा उनका आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे, यही उनकी कामना है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बिजली बिल समाधान योजना की अवधि सितंबर तक बढ़ाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों को राहत देने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि, जो जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तीन माह बढ़ाकर सितंबर तक कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।
महतारी वंदन योजना से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और वे परिवार की आर्थिक मजबूती में अहम भूमिका निभा रही हैं।
42 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निराकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है और अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है।
बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी।
बच्चों से किया आत्मीय संवाद
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनसे पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई, जो कार्यक्रम का आकर्षण बना रहा।
श्रद्धालुओं से सराबोर रहा अमलीपदर
रथयात्रा महापर्व में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति संगीत, धार्मिक अनुष्ठानों और जयघोषों के बीच पूरा अमलीपदर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।







