Breaking

Eco-Friendly Ganeshotsav: रायपुर में गणेश पंडालों के बीच चला स्वच्छता जागरूकता अभियान, प्लास्टिक से दूरी की अपील

Chhattisgarh 17 September 2026

post

रायपुर, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर नगर पालिक निगम के जोन क्रमांक 4, 8 और 9 के स्वास्थ्य विभाग द्वारा गणेशोत्सव पंडालों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से संपर्क कर इको-फ्रेंडली गणेशोत्सव मनाने और पंडाल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

Advertisement

अभियान के दौरान गणेश उत्सव समितियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने तथा कचरा निर्धारित सफाई वाहन के माध्यम से देने की जानकारी दी गई। फूलों के लिए अलग डस्टबिन रखने और पंडाल के आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

जोन 4 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कटोरा तालाब स्थित मीनाक्षी गणेश उत्सव समिति के पदाधिकारियों से संपर्क किया। वहीं जोन 8 के रामकृष्ण परमहंस वार्ड क्रमांक 20 में सरस्वती क्लब गणेशोत्सव समिति और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 19 में स्टार इलेवन गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों को स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। जोन 9 के कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 क्षेत्र के विभिन्न गणेश पंडालों में भी आयोजन समितियों से संपर्क कर पर्यावरण अनुकूल उत्सव मनाने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के तहत समितियों को गणेश प्रतिमा विसर्जन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशों के अनुरूप नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही करने की जानकारी दी गई। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

You might also like!