Breaking

Ganesh Visarjan Alert: सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर महापौर ने भवन मालिकों से की 3 दिन सहयोग की अपील

Chhattisgarh 26 September 2026

post

रायपुर। गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी के दौरान संभावित दुर्घटना और जनहानि को रोकने के लिए नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने सदर बाजार और सत्ती बाजार क्षेत्र में झांकी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूट में आने वाले जर्जर भवनों की स्थिति का जायजा लिया।

Advertisement

महापौर ने संबंधित भवन मालिकों से अपील की कि 28 सितंबर 2026 को प्रस्तावित गणेश विसर्जन झांकी के एक दिन पहले, झांकी के दिन और एक दिन बाद यानी कुल तीन दिनों तक जर्जर भवनों को बंद रखें और इस अवधि में किसी अन्य स्थान पर रहें। उन्होंने शहरहित में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की, ताकि झांकी के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

महापौर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन मालिकों के तीन दिनों के लिए अन्यत्र जाने के बाद संबंधित जर्जर भवनों के सामने बैरिकेडिंग कराई जाए। इसका उद्देश्य झांकी देखने आने वाले लोगों को इन भवनों के पास खड़े होने से रोकना और भीड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के लोककर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह समेत नगर निगम और पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like!