Breaking
- Chhattisgarh Teacher Recruitment Politics: छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षकों की स...
- Raipur Hospital Fire News: रायपुर के अस्पताल में बड़ा हादसा, ऑपरेशन थिएटर में...
- Bastar Dussehra Tradition: बस्तर दशहरा की 618 साल पुरानी परंपरा, दंतेवाड़ा से...
- Anti-Naxal Operation in Chhattisgarh: गरियाबंद में जमीन के नीचे छिपा रखा था म...
- Police Negligence in Surguja: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में वर्दी की शर्मनाक तस्...
- Raipur Crime News: नहाते समय चार लड़कियों का अश्लील वीडियो बनाने वाले दो आरोप...
- Navratri Garba Mahotsav: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी के विभिन्न गरबा ए...
- Deputy CM Vijay Sharma Chaupal News: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम के व...
- Chhattisgarh Agriculture Crop Protection News: किसानों की फसल सुरक्षा के लिए ...
- प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं, सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो सरगुजा का बच...
कारगिल शहीद नायक कौशल यादव की प्रतिमा का रायपुर में अनावरण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहीद गैलरी बनाने का दिया सुझाव

रायपुर। कारगिल युद्ध के अमर शहीद नायक कौशल यादव के 27वें शहादत दिवस पर राजधानी रायपुर में उनकी धातु प्रतिमा का अनावरण किया गया। नगर निगम जोन क्रमांक-4 अंतर्गत आकाशवाणी के समीप काली माता मंदिर के पास आयोजित समारोह में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध के अमर शहीद नायक कौशल यादव की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने प्रतिमा स्थल के समीप 'शहीद गैलरी' विकसित करने का सुझाव देते हुए कहा कि यहां देश के अन्य वीर शहीदों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जानी चाहिए, ताकि नागरिक और युवा उनके जीवन से प्रेरणा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा वीर सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान के कारण ही संभव है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे और विधायक सुनील सोनी ने कारगिल युद्ध के शहीद नायक कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण बताया।
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने जोन-4 की आयुक्त डॉ. दिव्या चंद्रवंशी को प्रतिमा स्थल के आसपास रेलिंग लगाने, समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्थल को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का आह्वान भी किया।
छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि रायपुर में अमर शहीद नायक कौशल यादव की प्रतिमा की स्थापना पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। इससे लोगों, विशेषकर युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन-5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, पार्षद अर्जुन यादव, प्रमोद कुमार साहू, अजय साहू, पार्षद प्रतिनिधि संतोष हियाल, पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधि, छत्तीसगढ़ यादव समाज के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन छत्तीसगढ़ यादव समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जनक यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा ने किया।







