Breaking

Women Empowerment: महतारी वंदन से जशपुर की महिलाओं को मिला आर्थिक संबल, आत्मनिर्भरता की बढ़ी राह

Chhattisgarh 31 August 2026

post

रायपुर, 31 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना लगातार महिलाओं के लिए आर्थिक सहारे का माध्यम बन रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। इस राशि का उपयोग महिलाएं घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, पोषण और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करने में कर रही हैं।

Advertisement

जशपुर जिले के ग्राम देवगुड़ा की रहने वाली परमिला प्रजापति भी इस योजना की लाभार्थी हैं। उनके अनुसार, हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता से बच्चे की पढ़ाई और पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। इसके अलावा घर की छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए भी उन्हें इस राशि का सहारा मिलता है। नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने खर्चों को प्राथमिकता के आधार पर तय करने और अपनी जरूरतों के लिए स्वयं निर्णय लेने का अवसर दिया है।

परमिला प्रजापति का कहना है कि महतारी वंदन योजना से उन्हें आर्थिक सहयोग के साथ आत्मविश्वास भी मिला है। अब छोटी जरूरतों के लिए उन्हें दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। उन्होंने योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं की जरूरतों और सम्मान को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। योजना से मिलने वाली नियमित राशि उनके परिवार के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है।

महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाला आर्थिक संबल महिलाओं की घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें आर्थिक निर्णय लेने में भी सक्षम बना रहा है। जशपुर की परमिला प्रजापति की कहानी इस बात को दर्शाती है कि नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के आत्मविश्वास और परिवार की खुशहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

You might also like!