Breaking
- Shaheed Park Jagdalpur: शहर के पुराने शहीद पार्क का होगा कायाकल्प, महापौर ने ...
- Underbridge Issue: तीन साल से अधूरे गौरीनगर और रेलवे स्टेशन अंडरब्रिज, लोगों ...
- Korba Pond Tragedy: तालाब में नहाने गईं तीन मासूम सहेलियां डूबीं, तीनों के शव...
- GPM Seva Sankalp News: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में जले दो लाख ‘आशीर्वाद के दीप’...
- Balodabazar Seva Sankalp News: सवा लाख दीपों से जगमगाया विवेकानंद सरोवर, बलौद...
- Eco-Friendly Ganeshotsav: रायपुर में गणेश पंडालों के बीच चला स्वच्छता जागरूकत...
- Jagdalpur Clash: पीएम मोदी के जन्मदिन पर दीपोत्सव को लेकर विवाद, कांग्रेस-भाज...
- Mobile Theft Syndicate: रायपुर में अंतर्राज्यीय मोबाइल लूट-चोरी गिरोह का खुला...
- Indravati Tiger Reserve: चार दशक बाद पर्यटकों के लिए खुलेगा इंद्रावती टाइगर र...
- CGPSC Exam Controversy: 265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू पर सवाल, ...
Medical College News: पहले बैच की पढ़ाई शुरू, विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से कहा- समाज सेवा को बनाएं जीवन का लक्ष्य

कवर्धा, 16 सितंबर 2026। कबीरधाम जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू हुआ है। शासकीय मेडिकल कॉलेज कवर्धा में नए शैक्षणिक सत्र और प्रथम बैच की पढ़ाई का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का एप्रॉन, स्टेथोस्कोप, पेन और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। पहली बार मेडिकल कॉलेज पहुंचे विद्यार्थियों में डॉक्टर बनने के सपने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

डॉक्टर बनना पड़ाव, सेवा होना चाहिए लक्ष्य
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि डॉक्टर बनने का सपना बड़ा लक्ष्य है, लेकिन इसे अंतिम मंजिल नहीं मानना चाहिए। जीवन में लक्ष्य एक पड़ाव है और आगे बढ़ने की यात्रा लगातार जारी रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर बनने के साथ समाज के लिए अच्छा काम करना और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना भी जीवन का उद्देश्य होना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपनी तैयारी लगातार जारी रखने की सलाह दी। साथ ही अनावश्यक तनाव से बचने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता के पीछे परिवार और समाज का भी योगदान होता है, इसलिए आगे बढ़ने के बाद समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी की भावना बनाए रखना जरूरी है।
विद्यार्थियों से जानी तैयारी और सफलता की कहानी
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रथम बैच के विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी तैयारी, पढ़ाई की दिनचर्या, कोचिंग और प्रवेश परीक्षा के अनुभव जाने। विद्यार्थियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। कुछ विद्यार्थियों ने ऑनलाइन कोचिंग के जरिए तैयारी की, जबकि कुछ ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन को अपनी तैयारी का आधार बनाया।
राजनांदगांव निवासी अतिथि देवांगन ने बताया कि वह दूसरे प्रयास में सफल हुईं। उनके पिता ने उन्हें गलतियों से सीखकर लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। भूपेंद्र सिंह ने ऑनलाइन कोचिंग से तैयारी की, जबकि कवर्धा के धरमपुरा निवासी आकाश धुर्वे ने लाइब्रेरी में पढ़ाई कर सफलता हासिल की। भिलाई निवासी हर्षिता तीसरे प्रयास में सफल हुईं। वहीं अंशिता सिंह के पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की तैयारी में मार्गदर्शन और मॉक टेस्ट में सहयोग किया।
किताबों और डिजिटल स्क्रीन से पढ़ाई पर चर्चा
विजय शर्मा ने विद्यार्थियों से रोजाना पढ़ाई के घंटों और किताबों के साथ डिजिटल स्क्रीन के इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि वे लगभग 8 घंटे पुस्तकों से और 3 से 4 घंटे डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से पढ़ाई करते थे। कुछ विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं के कारण प्रतिदिन 7 से 8 घंटे तक स्क्रीन पर पढ़ाई करनी पड़ती थी।
विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के स्तर, तैयारी के दौरान सामने आई चुनौतियों और सफलता तक पहुंचने के अपने अनुभव भी साझा किए। संवाद के दौरान पढ़ाई और डिजिटल माध्यमों के बीच संतुलन को लेकर भी चर्चा हुई।
संवेदनशीलता और सेवा भावना जरूरी
सांसद संतोष पाण्डेय ने प्रथम बैच के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से कवर्धा में मेडिकल कॉलेज के पहले बैच की शुरुआत संभव हुई है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि कठिन मेहनत के बाद मेडिकल कॉलेज तक पहुंचना विद्यार्थियों की उपलब्धि है, लेकिन यह उनकी यात्रा का अंत नहीं बल्कि शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि मरीज जब डॉक्टर के पास आता है तो उसके मन में स्वस्थ होने की उम्मीद होती है। ऐसे में चिकित्सा क्षेत्र में सेवा भावना और संवेदनशीलता का विशेष महत्व है।
कार्यक्रम में राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉ. प्रतिभा जैन शाह, सीएमएचओ डॉ. देवेंद्र तूरे सहित जनप्रतिनिधि और चिकित्सक उपस्थित रहे।







