Breaking

PM Shri School: चनाट की प्राथमिक शाला का बदला स्वरूप, आधुनिक सुविधाओं से बच्चों में बढ़ी पढ़ाई की रुचि

Chhattisgarh 28 September 2026

post

रायपुर, 28 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत पीएमश्री योजना से महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित ग्राम चनाट की शासकीय प्राथमिक शाला में शैक्षणिक और अधोसंरचनात्मक बदलाव देखने को मिला है। आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक कक्षाओं और गतिविधि आधारित शिक्षण से विद्यालय का वातावरण बच्चों के लिए अधिक रोचक बनाया गया है। बदलाव के बाद आसपास के गांवों के अभिभावकों में भी अपने बच्चों को यहां पढ़ाने को लेकर रुचि बढ़ी है।

Advertisement

2023 में पीएमश्री स्कूल के रूप में हुआ उन्नयन

चनाट की शासकीय प्राथमिक शाला का 2023 में पीएमश्री स्कूल के रूप में उन्नयन किया गया था। इसके बाद विद्यालय में अधोसंरचना और शैक्षणिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया गया। बालवाड़ी संचालन के लिए अतिरिक्त कक्ष के साथ बैगलेस-डे गतिविधियों के लिए अलग कक्ष तैयार किया गया है। यहां समूह गतिविधियों, संगीत, योग और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों का संचालन किया जाता है।

विद्यालय में सुसज्जित अध्यापन कक्ष, प्रिंट रिच वातावरण, स्वच्छ पेयजल, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, गार्डन, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्य प्रवेश द्वार, शौचालय और वाटर हार्वेस्टिंग संरचना का निर्माण भी किया गया है। परिसर में पेवर ब्लॉक लगाए जाने से स्कूल का प्रांगण व्यवस्थित और कीचड़ मुक्त हुआ है।

हर्बल गार्डन में बच्चों को मिल रही व्यावहारिक जानकारी

विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए छह क्यारियों वाला उद्यान विकसित किया गया है। इसके अलावा हर्बल गार्डन में आंवला, तुलसी, करी पत्ता, तेजपत्ता, एलोवेरा, लौंग और पीपली जैसे पौधे लगाए गए हैं। इससे बच्चों को पौधों की पहचान और उनके उपयोग के बारे में व्यावहारिक जानकारी मिल रही है।

प्रिंट रिच कक्षाओं से सीखना हुआ रोचक

विद्यालय की सभी कक्षाओं में बच्चों के अनुकूल प्रिंट रिच वातावरण तैयार किया गया है। दीवारों और शिक्षण सामग्री के माध्यम से हिंदी वर्णमाला, सप्ताह के दिन, वर्ष के महीने, ज्यामितीय आकृतियां, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सौरमंडल और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई है।

स्वच्छता और गतिविधियों पर भी जोर

स्कूल में हैंडवॉश कॉर्नर विकसित किया गया है। बच्चों को भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद हाथ धोने जैसी व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ खेल, योग, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

पीएमश्री योजना के तहत चनाट स्कूल में हुए बदलाव से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार हुआ है। आधुनिक अधोसंरचना और गतिविधि आधारित शिक्षा के माध्यम से बच्चों को सीखने के नए अवसर मिल रहे हैं।

You might also like!