Breaking

Raipur Cleanliness News: सड्डू में घर-घर पहुंची निगम की टीम, गीला-सूखा और हानिकारक कचरा अलग रखने की अपील

Chhattisgarh 14 September 2026

post

रायपुर। स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत नगर निगम जोन-9 के स्वास्थ्य विभाग और सफाई एजेंसी की टीम ने वार्ड क्रमांक 8 के सड्डू आवासीय क्षेत्र में घर-घर जाकर नागरिकों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। टीम ने रहवासियों से घर के कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में रखने और सफाई वाहन में ही देने की अपील की।

Advertisement

अभियान के दौरान नागरिकों को गीला कचरा हरे डस्टबिन और सूखा कचरा नीले डस्टबिन में रखने की जानकारी दी गई। वहीं सेनेटरी कचरे के लिए लाल तथा घरेलू हानिकारक कचरे के लिए काले डस्टबिन का उपयोग करने की समझाइश दी गई। निगम की टीम ने कहा कि कचरे को अलग-अलग रखने से उसके उचित निपटान और प्रबंधन में आसानी होती है।

सड़क, नाली और तालाब में कचरा न फेंकने की अपील

स्वास्थ्य विभाग और सफाई कर्मचारियों ने नागरिकों से घर का कचरा सड़क, नाली, गली या तालाब में नहीं डालने की अपील की। साथ ही प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का दैनिक जीवन में इस्तेमाल नहीं करने और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने में सहयोग देने की समझाइश दी गई।

सफाई वाहन से जुड़ी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर

निगम की टीम ने बताया कि यदि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए सफाई वाहन नियमित रूप से नहीं पहुंचता है, तो नागरिक 18002709992 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। निगम ने लोगों से स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

You might also like!