Breaking

Raipur DGGI Raid: गुटखा कारोबारी के गोदाम पर छापा, 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा जब्त; महाराष्ट्र कनेक्शन की जांच

Chhattisgarh 30 September 2026

post

रायपुर। राजधानी रायपुर में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने गुटखा कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी की। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद मंगलवार को तीन गाड़ियों में पहुंची अधिकारियों की टीम ने कारोबारी के ठिकाने पर जांच शुरू की। इस दौरान दस्तावेजों और गुटखे के स्टॉक की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान गोदाम से 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा जब्त किए गए हैं।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में बड़ी मात्रा में सितार गुटखा रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद DGGI की टीम ने यहां दबिश दी। अधिकारियों की ओर से गोदाम में रखे गुटखे के मालिक और माल की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के दौरान गोदाम मालिक और कुछ अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र से मिले इनपुट के आधार पर DGGI के अधिकारी रायपुर पहुंचे थे। इसके बाद तीन गाड़ियों में टीम कारोबारी के ठिकाने पर पहुंची और दस्तावेजों के साथ स्टॉक की जांच की। कार्रवाई के दौरान टीम ने पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। फिलहाल जब्त गुटखे के स्रोत, स्वामित्व और सप्लाई नेटवर्क को लेकर जांच जारी है।

गुटखा कारोबारी बंटी का नाम सामने आया

DGGI से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर जिस गोदाम में कार्रवाई कर गुटखा जब्त किया गया, वहां रखा माल गुटखा कारोबारी बंटी का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कारोबारी बंटी का दुर्ग में एक पार्टनर भी है, जिसके ठिकाने पर पहले कार्रवाई हो चुकी है। हालांकि, मामले में आधिकारिक तौर पर आगे की जांच और दस्तावेजों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक कारोबारी बंटी महाराष्ट्र से अपना कारोबार संचालित कर रहा है। उसने महाराष्ट्र में कल्याण के पास एक फैक्ट्री स्थापित की है, जहां से गुटखा तैयार कर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई है। DGGI की टीम अब रायपुर में मिले स्टॉक और महाराष्ट्र से जुड़े कथित सप्लाई नेटवर्क के बीच संबंधों की जांच कर रही है।

फिलहाल DGGI की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही जब्त माल की वास्तविक मात्रा, कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और कथित सप्लाई नेटवर्क को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

You might also like!