Breaking
- Nava Raipur Golf News: 132 प्रोफेशनल गोल्फरों के साथ शुरू हुआ बड़ा टूर्नामेंट...
- Surguja Road Development News: 6 जिलों में 44 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी, 1,09...
- Chhattisgarh Seva Sankalp News: 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, जन...
- Chhattisgarh Circular Economy News: WCEF 2026 में छत्तीसगढ़ की सक्रिय भागीदार...
- Chhattisgarh Skill Development News: NSTI से युवाओं को मिलेगा हुनर का मंच, 45...
- Seva Sankalp Abhiyan: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में होंगे जनसेवा क...
- Fish Farming News: महासमुंद के 150 किसानों की बदली तस्वीर, मछली पालन से बढ़ी ...
- Chakradhar Samaroh 2026: महाराजा चक्रधर की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचा रहा स...
- Sirpur Heritage Tour News: जापान के एहिमे यूनिवर्सिटी दल ने देखा सिरपुर का वै...
- Raipur Ganeshotsav News: 117 साल पुरानी परंपरा में शामिल हुए CM साय, गोल बाजा...
Raipur Ganeshotsav News: 117 साल पुरानी परंपरा में शामिल हुए CM साय, गोल बाजार में गणपति के किए दर्शन

रायपुर, 14 सितंबर 2026। गणेश चतुर्थी के अवसर पर राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक गोल बाजार गणपति बप्पा की भक्ति और उत्सव के रंग में डूबा नजर आया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार रात गोल बाजार पहुंचे और श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ के प्रत्येक परिवार के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुकुट पहनाकर की गणपति की आरती
मुख्यमंत्री साय ने हनुमान मंदिर के समीप स्थित गणेशोत्सव पंडाल में भगवान गणेश को मुकुट पहनाया और तिलक लगाकर पूजा की। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने आरती उतारी और प्रदेश की प्रगति, समृद्धि तथा लोगों के मंगलमय जीवन के लिए भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान गणेश प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणेशोत्सव हमारी आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व होने के साथ समाज को एक सूत्र में जोड़ने वाली परंपरा का भी प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़े तथा हर घर में सुख-खुशहाली बनी रहे।
117 साल से जारी है गणेशोत्सव
मुख्यमंत्री ने गोल बाजार में 117 वर्षों से लगातार चली आ रही गणेशोत्सव की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीढ़ी-दर-पीढ़ी आस्था और सामाजिक सहभागिता के साथ किसी सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखना विशेष उपलब्धि है। ऐसी परंपराएं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ती हैं।
गोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप श्री बजरंग नवयुवक मित्र मंडल गणेशोत्सव समिति द्वारा पिछले 117 वर्षों से गणेश चतुर्थी पर प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यहां स्थापित भव्य गणेश प्रतिमा हर साल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहती है और बड़ी संख्या में लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री के गोल बाजार पहुंचने पर गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच फूल-मालाओं और गजमाला से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
प्राचीन हनुमान मंदिर में भी की पूजा
गणेश दर्शन के बाद मुख्यमंत्री साय गोल बाजार स्थित 150 वर्ष से अधिक पुराने हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, श्रीचंद सुंदरानी, केदार गुप्ता, छगन मूंदड़ा, अमरजीत छाबड़ा सहित गणेशोत्सव समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







