रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगर निगम के जोन-8 की टीम ने रायपुरा स्थित वार्ड क्रमांक 69 में करीब 2204 वर्गफीट क्षेत्र में किए जा रहे अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के मार्गदर्शन में नगर निवेश विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान के दौरान कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाया गया।
इसके अलावा जोन-8 के अन्य वार्डों में भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सी एंड डी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट और ग्रीन नेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों से 8,500 रुपये का ई-चालान वसूला गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी नियमित अभियान जारी रहेगा तथा नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








