Breaking
- Raipur Municipal Corporation: OTS योजना से बकाया संपत्तिकर निपटाने का फैसला, ...
- Bastar Olympics 2026: 1 अक्टूबर से शुरू होगा पंजीयन, नवंबर में विकासखंड स्तर ...
- Nasha Mukti Padyatra: देवेंद्र नगर से लाल चौक तक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने...
- Chhattisgarh Cabinet: अतिथि व्याख्याता नीति में नए प्रावधान, पूर्व अग्निवीरों...
- Road Action: तीन महीने में खराब हुई 43 लाख की सड़क पर चला बुलडोजर, ठेकेदार को...
- Murder Case: निर्माणाधीन मकान में बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, 17 वर्षीय नाबाल...
- Raipur Meat Ban: गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रत...
- Tribal Rights Protest: 30 पंचायतों के ग्रामीणों ने उठाई जल-जंगल-जमीन की आवाज,...
- Road Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत, पुलिस ...
- Raipur DGGI Raid: गुटखा कारोबारी के गोदाम पर छापा, 50 से ज्यादा बोरे सितार गु...
Nasha Mukti Padyatra: देवेंद्र नगर से लाल चौक तक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निकाली पदयात्रा, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

रायपुर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति पदयात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ मुख्यमंत्री ने पदयात्रा कर नशामुक्त और स्वस्थ समाज का संदेश दिया। पदयात्रा के समापन पर उन्होंने लाल चौक स्थित लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में इन क्षेत्रों में अवसरों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि युवा अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग परिवार, समाज और प्रदेश की प्रगति में कर सकें।
25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशामुक्ति अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता दी है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी शासन यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसी अभियान के तहत प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के लिए प्रदेशभर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं। गुजरात के वडनगर से रायपुर पहुंचे बाइक राइडर्स का स्वागत किया गया और इस यात्रा में बस्तर के युवाओं ने भी भागीदारी की।
बस्तर में विकास और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा, जिससे क्षेत्र के विकास की गति प्रभावित हुई। वर्तमान में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार करने के लिए नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक एवं उभरते क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर खुलने की बात उन्होंने कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है, जो नशे से दूर रहकर अपने सामर्थ्य, परिश्रम और नवाचार से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे।
27 वर्षों से जारी पदयात्रा की सराहना
मुख्यमंत्री ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक विषयों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से आता है। जब कोई अभियान समाज का अभियान बनता है, तब उसके स्थायी परिणाम सामने आते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशामुक्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनेगा और विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन की ओर प्रेरित करेगा।
युवाओं से नशामुक्ति का संदेश आगे बढ़ाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने उपस्थित छात्र-छात्राओं और युवाओं से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे।






