Breaking

Raipur News: मुख्यमंत्री साय ने किया रुद्राभिषेक, हजारों कांवड़ियों के साथ गूंजा हर-हर महादेव

Chhattisgarh 23 August 2026

post

रायपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर से निकली भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों को श्रावण मास की शुभकामनाएं भी दीं।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का विशेष अवसर है। कांवड़ यात्रा आस्था, भक्ति और समर्पण की अनुपम अभिव्यक्ति है। हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर पैदल भगवान भोलेनाथ के अभिषेक के लिए रवाना हुए। गुढ़ियारी से महादेवघाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक निकली यात्रा के दौरान शिवभक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

भक्ति के साथ सामाजिक समरसता का संदेश

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ते हैं और आपसी सद्भाव एवं समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी धार्मिक परंपराएं नई पीढ़ी को संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

हटकेश्वरनाथ महादेव के प्रति गहरी आस्था

मुख्यमंत्री ने महादेवघाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ की प्राचीन शिव आराधना परंपरा का प्रमुख केंद्र है। श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान प्राकृतिक सुंदरता और लोक-संस्कृति के साथ-साथ समृद्ध आध्यात्मिक परंपराओं से भी है। प्रदेश के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ हमारी धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। राज्य सरकार इन धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

You might also like!