रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम जोन-10 की टीम ने बोरियाखुर्द स्थित शिव विहार कॉलोनी में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अवैध ब्लॉकों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर यह कार्रवाई जोन-10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर, सहायक अभियंता सुशील अहीर, उप अभियंता नवीन वर्मा, कार्य सहायक जितेंद्र कौशिक, नगर निवेश विभाग की उड़नदस्ता टीम तथा यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।
नगर निगम के अनुसार, कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड क्रमांक-54 अंतर्गत संगम मैरिज पैलेस के पीछे स्थित शिव विहार कॉलोनी, बोरियाखुर्द में निर्माणकर्ता पन्ना पाल द्वारा नगर निगम की अनुमति लिए बिना पांच ब्लॉकों का निर्माण कराया जा रहा था। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने के बाद निगम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना स्वीकृति किए जाने वाले निर्माण, अवैध प्लाटिंग और नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक अनुमति अवश्य प्राप्त करें।







