Breaking

Seva Sankalp Abhiyan: सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर, अरुण साव ने तैयारियों की समीक्षा की

Chhattisgarh 23 September 2026

post

कोरबा, 22 सितंबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत संचालित गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने अभियान की आगामी गतिविधियों की तिथि, रूपरेखा और आयोजन स्थलों को अंतिम रूप देते हुए सभी कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Advertisement

जनभागीदारी से अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर

अरुण साव ने कहा कि एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को सार्थक और जनोन्मुखी बनाने के लिए शासन, प्रशासन और आमजन का समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ सभी कार्यक्रमों का समयबद्ध और सुचारु आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद के दिया’ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। घर-घर दीप प्रज्ज्वलन में लोगों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की सहभागिता अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

छात्र-छात्राओं की गतिविधियों को भी सराहा

उप मुख्यमंत्री ने ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया, जिसमें विद्यार्थियों ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से देश को लेकर अपने विचार और कल्पनाएं प्रस्तुत कीं। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में भी इसी तरह उत्साह और सहभागिता बनाए रखने तथा गतिविधियों को उत्सव के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए।

स्वच्छता, पौधरोपण और रक्तदान जैसी गतिविधियों पर जोर

अरुण साव ने शेष कार्यक्रमों के लिए तिथिवार कार्ययोजना तैयार करने और आयोजन स्थलों का समय पर चयन करने को कहा। उन्होंने गांवों और शहरों में स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।

उन्होंने नदी-घाटों की सफाई, वृहद पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान सहित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों का आयोजन करने और इनमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प दिलाने की बात कही।

‘सेवा की कहानी’ के जरिए सामने आएंगी बदलाव की कहानियां

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में संकलित कर आमजन तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि वास्तविक लाभार्थियों के अनुभव और बदलाव की कहानियां लोगों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकती हैं।

योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाने के निर्देश

अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसेवा से जुड़े कार्यों को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अभियान की गतिविधियों की जानकारी पहुंचाने के लिए मुनादी, बैनर, पोस्टर और अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए।

सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर

श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने अधिकारियों से कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार समयबद्ध तरीके से आयोजित किए जाएं। उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी गतिविधियों का विस्तार करने पर जोर दिया।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like!