Breaking

Women Empowerment News: 72 महिला समूहों को मिले मिलेट हेल्थ कार्ट, 24 स्टार्टअप्स को 50 लाख की इग्निशन ग्रांट

Chhattisgarh 09 September 2026

post

दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) भिलाई की ओर से भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), दुर्ग परिसर में ‘महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता एवं स्टार्टअप अभिनंदन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलाधिपति एवं राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान 72 महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेट हेल्थ कार्ट और 24 स्टार्टअप्स को कुल 50 लाख रुपये की इग्निशन ग्रांट प्रदान की गई।

Advertisement

कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, दुर्ग महापौर अल्का बाघमार और सहकार भारती के कलीराम शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, युवा और महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य मौजूद रहीं।

नारी शक्ति और युवा नवाचार से बनेगा नया छत्तीसगढ़

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, पोषण सुरक्षा और स्वरोजगार को बढ़ावा देना नए छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा और तकनीकी ज्ञान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की जरूरतों से जुड़कर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करने में मिले।

उन्होंने कहा कि मिलेट के माध्यम से महिला उद्यमिता को नई दिशा मिल रही है। पारंपरिक श्री अन्न अब पोषण के साथ ग्रामीण परिवारों, किसानों और महिला उद्यमियों के लिए आय का साधन भी बन रहा है।

मिलेट हेल्थ कार्ट से महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार

कार्यक्रम के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को निःशुल्क मिलेट हेल्थ कार्ट दिए गए। इन समूहों को केवल कार्ट उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाने के लिए उत्पाद निर्माण, FSSAI मानक, गुणवत्ता नियंत्रण, व्यवसाय प्रबंधन और मार्केटिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

राज्यपाल ने कहा कि जब महिला आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती है तो उसका परिवार मजबूत होता है और पूरे समुदाय में आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने महिला समूहों के पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

24 स्टार्टअप्स को 50 लाख रुपये की इग्निशन ग्रांट

कार्यक्रम में नवाचार आधारित 24 स्टार्टअप्स को कुल 50 लाख रुपये की इग्निशन ग्रांट प्रदान की गई। राज्यपाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नवाचार की राह में असफलताएं स्वाभाविक हैं, लेकिन उनसे सीखकर लगातार आगे बढ़ना ही सफल उद्यमी की पहचान है।

उन्होंने CSVTU के समाज के अंतिम व्यक्ति तक तकनीकी ज्ञान और संसाधन पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि CSVTU-फोर्टे (Foundation for Rural Technology and Entrepreneurship) आने वाले समय में ग्रामीण उद्यमिता, महिला स्वावलंबन और तकनीकी नवाचार का मजबूत केंद्र बन सकता है।

मिलेट को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

सांसद विजय बघेल ने कहा कि मिलेट को ‘श्री अन्न’ के रूप में बढ़ावा देने से किसानों और महिला समूहों के लिए नए अवसर बने हैं। उन्होंने तकनीकी ज्ञान के साथ महिला समूहों को जोड़कर मिलेट आधारित खाद्य उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कार्यक्रम को विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं और स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है।

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने स्टार्टअप को छत्तीसगढ़ के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

तकनीकी शिक्षा को समाज से जोड़ने की पहल

कार्यक्रम के प्रारंभ में CSVTU के कुलपति डॉ. अरुण अरोड़ा ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने आयोजन के उद्देश्यों के साथ महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता विकास और नवाचार की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राध्यापक, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और युवा उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा, महिला उद्यमिता और युवा नवाचार को एक मंच पर लाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना रहा।

You might also like!