छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए राज्य सरकार ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में तत्काल प्रभाव से बदलाव कर दिया है। भीषण गर्मी के कारण अब ये केंद्र सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक ही संचालित होंगे।
विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, बच्चों की उपस्थिति का समय विशेष रूप से सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक तय किया गया है। यह व्यवस्था 23 अप्रैल से 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का स्पष्ट मानना है कि चिलचिलाती धूप और लू के दौरान बच्चों का घर से बाहर निकलना उनके स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है, इसलिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
हालांकि, समय में बदलाव के बावजूद आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की शिक्षा (ECCE) और पूरक पोषण आहार वितरण का कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा। कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे बच्चों को सुरक्षित रूप से घर पहुँचाने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करें। 1 जुलाई 2026 से स्थिति सामान्य होने पर केंद्रों का संचालन पुनः पुराने समय (सुबह 9:30 से दोपहर 3:30) के अनुसार शुरू किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन को इस पूरी व्यवस्था की कड़ी निगरानी रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।


_2026424_115041_m.webp)




