Breaking

Bastar News: बस्तर में सड़क-पुलों के काम में तेजी, दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश

Chhattisgarh 18 August 2026

post

रायपुर, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर संभाग में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय अधिकारियों, अभियंताओं और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत सरकार के आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए के तहत चल रहे सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को आगामी दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

Advertisement

10 सितंबर तक काम में दिखानी होगी

बैठक में सचिव ने अधिकारियों को सभी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करने और हर 15 दिन में कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। बस्तर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों में काम कर रहे ठेकेदारों को 10 सितंबर तक निर्माण कार्यों में स्पष्ट प्रगति दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और उनके अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

गुणवत्ता और निर्माण सामग्री की होगी निगरानी

लोक निर्माण विभाग के मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में दो से तीन दिन निर्माण स्थलों का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच करने तथा ठेकेदारों के साथ समन्वय कर तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा कराने को कहा गया। अनुबंध के अनुसार प्लांट और मशीनरी नहीं लगाने वाले ठेकेदारों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पहुंचविहीन गांवों को जोड़ने वाली सड़कों पर भी फोकस

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन की स्थिति की समीक्षा की गई। द्रुतगामी सड़कों के साथ पहुंचविहीन गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए प्रस्तावित सड़कों और पुलों के प्राक्कलन पर भी चर्चा हुई। लंबित भू-अर्जन और वन-व्यपवर्तन मामलों की जानकारी शासन को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि इनके समाधान के लिए उच्च स्तर पर कार्रवाई की जा सके।

बारिश के बाद गड्ढों की तत्काल होगी मरम्मत

सचिव ने बरसात के बाद पेच रिपेयर का काम युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए 30 सितंबर तक एजेंसियों के निर्धारण की निविदा प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। सुचारू आवागमन के लिए सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने और परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

बारिश और अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुल-पुलियों की स्थायी मरम्मत को वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया है। साथ ही निर्माण कार्यों, आयोजनों और कार्यक्रमों से जुड़े बिलों का भुगतान एक माह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

You might also like!