रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित बिंदा बाई सोनकर स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने विधायक निधि से स्वीकृत 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का भूमिपूजन किया। इस दौरान नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, पार्षद, एल्डरमैन, स्कूल प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान विधायक राजेश मूणत ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले स्कूल के विद्यार्थियों को स्कूटी दी जाएगी। इसके अलावा 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि विधायक निधि मद से स्वेच्छानुदान के रूप में देने की घोषणा की।
विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत को प्रोत्साहित करना जरूरी है, ताकि वे पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों और अपने परिवार, स्कूल तथा क्षेत्र का नाम रोशन करें।
स्कूल के लिए अतिरिक्त कक्ष से बढ़ेंगी सुविधाएं
विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष से स्कूल में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार होगा। भूमिपूजन के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना के बाद विधायक मूणत ने श्रीफल फोड़ा और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
उन्होंने स्कूल के बेहतर संचालन के लिए सोनकर समाज के पदाधिकारियों की सराहना करते हुए समाज के दानदाताओं के योगदान को भी याद किया। उन्होंने बिंदा बाई सोनकर द्वारा स्कूल के लिए भूमि दान किए जाने को अनुकरणीय पहल बताया।
करीब 6 एकड़ जमीन दान करने के कार्य को सराहा
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि बिंदा बाई सोनकर ने करीब 30 वर्ष पहले स्कूल की स्थापना के लिए लगभग 6 एकड़ भूमि स्वेच्छा से दान की थी। उन्होंने इसे समाज और आने वाली पीढ़ियों के हित में किया गया अनुकरणीय कार्य बताया।
उन्होंने विधायक राजेश मूणत के विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत जनप्रतिनिधि बताया।
कार्यक्रम में अमलेश्वर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष दयानंद सोनकर, पूर्व एल्डरमैन डॉ. सुखनंदन सोनकर, सोनकर समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, नगर निगम के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।







