Breaking

छत्तीसगढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम: सरगुजा में होगा राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन, 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनाने की महातैयारी!

Chhattisgarh RRT News Desk 16 June 2026

post

छत्तीसगढ़ में आगामी 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को बेहद भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इस वर्ष योग दिवस की मुख्य थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” तय की गई है। इस महा-आयोजन को सफल बनाने और जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों की एक हाई-प्रोफाइल बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

Advertisement

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का संभावित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सरगुजा जिले में आयोजित किया जाएगा। मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स को निर्देशित किया है कि आयुष मंत्रालय के गाइडलाइंस के मुताबिक प्रदेश की हर ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों पर अनिवार्य रूप से योगाभ्यास के कार्यक्रम रखे जाएं। इसके साथ ही, मुख्य सचिव ने एक बेहद महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि 21 जून को ही नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा नीट (NEET) की पुनः परीक्षा भी आयोजित की जा रही है, इसलिए यह कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस के आयोजनों की वजह से किसी भी परीक्षा केंद्र या परीक्षार्थी को आने-जाने या किसी अन्य तरह की असुविधा न हो।

भारत सरकार के निर्देशानुसार इस बार छत्तीसगढ़ में 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड' बनाने का भी प्रयास किया जा रहा है, जिसके तहत 14 जून से ही सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र चलाए जा रहे हैं। आम नागरिकों के डिजिटल पंजीयन के लिए एक टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है, जिस पर सिर्फ एक मिस्ड कॉल देकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। इसके अलावा आयुष मंत्रालय के 'योग संगम पोर्टल-2026' पर सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और स्थानीय निकायों को पंजीयन कर कार्यक्रम के बाद तस्वीरें अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह और स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like!