CG Crime : राजनांदगांव, 5 अप्रैल 2026 : बसंतपुर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई सिलसिलेवार चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय शेट्टी गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को हैदराबाद से पकड़ा गया है। उनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
एक ही रात में तीन वारदात
3 अप्रैल की देर रात करीब 3 बजे जीवन-ए कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक मकान का दरवाजा तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसी दौरान लक्ष्मीनगर निवासी एक प्रार्थी की ड्रीम योगा मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई।
वहीं लक्ष्मीनगर बी कॉलोनी में भी एक अन्य मकान का ताला तोड़कर जेवरात पार कर दिए गए। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
100+ CCTV फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर शहरभर के 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।
जांच के दौरान आरोपियों के दुर्ग की ओर भागने के साक्ष्य मिले। इसके बाद दुर्ग-भिलाई, रायपुर और बिलासपुर के CCTV फुटेज भी खंगाले गए, जिससे आरोपियों के हैदराबाद में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस टीम तत्काल हैदराबाद रवाना हुई और वहां से शशी कुमार, सेट्टी विजय और सेट्टी सूर्या को गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि आरोपियों ने जीवन आवास कॉलोनी में एक ही रात में तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं अंजाम दी थीं।
5 लाख के जेवर और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें 2 चांदी के दिए, 1 बड़ा और 1 छोटा चांदी का कटोरा, 11 चांदी की बिछिया, 7 जोड़ी चांदी के पायल और 4 कान के टॉप्स, 2 चांदी के कड़े, 1 चांदी का लड्डू, 1 जोड़ी सोने के टॉप्स, 2 जोड़ी सोने के लॉकेट शामिल है।
बरामद सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये आंकी गई है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
2 आरोपी अब भी फरार
पुलिस के अनुसार इस गैंग के 2 अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।








