CG Crime : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार मुख्य आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी सांई ऐप के जरिए सट्टा आईडी बनाकर बेचता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में साइबर सेल राजनांदगांव और थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सांई ऐप के माध्यम से संचालित हो रहे हाईटेक आईपीएल सट्टा रैकेट के मुख्य आरोपी सादिक खान को नागपुर से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 6 अप्रैल को इस सट्टा रैकेट का खुलासा किया था, जिसमें कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। लेकिन इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक सादिक खान फरार चल रहा था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी नागपुर में छिपा हुआ है, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सांई ऐप पर सट्टा आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराने के नाम पर 5,000 से 10,000 रुपये तक वसूलता था।
इसके अलावा, ऐप में किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर उसे ठीक करने के नाम पर भी 2,000 से 3,000 रुपये तक की रकम फोनपे और क्यूआर कोड के माध्यम से लिया करता था।
एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और कई लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ चुका था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें सट्टे से जुड़े अहम सबूत मिलने की संभावना है।








