RRT News- छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली ने आत्मघाती कदम उठाते हुए खुदकुशी कर ली है। मंगलवार सुबह संजय नगर स्थित गौठान परिसर में उनका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सुबह-सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों ने शव को देखा, इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि नवाज अली हाल ही में जेल से बाहर आए थे।
इस खौफनाक कदम के पीछे की पृष्ठभूमि कुछ महीने पहले हुए एक सड़क हादसे से जुड़ी है। दरअसल, कोदागांव में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें आरोप था कि नवाज अली की तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक पंचायत सचिव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और उन्हें जेल भेज दिया था।
जेल से रिहा होने के बाद पूर्व कांग्रेस नेता ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों व करीबियों से पूछताछ कर खुदकुशी के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।







