CG News : कोंडागांव। जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोनगुड़ पोलपा पारा में शनिवार करीब पांच बजे मौसम के अचानक बदले मिजाज ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 5 पालतू मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये मवेशी गांव के तीन किसानों के थे, जिससे उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और इसी दौरान गाज गिरने की घटना हुई। इस प्राकृतिक आपदा से न केवल मवेशियों की जान गई, बल्कि आसपास के इलाके में भी जन-धन का नुकसान होने की खबर है।
प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।








