CG Weather : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आज हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, कुछ विशेष इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में यह स्थिति आगामी 4 अप्रैल तक बनी रह सकती है।
बीते सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान रायपुर में 40.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने वहां के वातावरण को ठंडा कर दिया है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, इस समय ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ व ओडिशा तक फैली द्रोणिका के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इन प्रणालियों के असर से ही प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अंधड़ और हल्की वर्षा के आसार बने हुए हैं।
राजधानी रायपुर की बात करें तो यहाँ आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन शाम तक मौसम में तब्दीली देखी जा सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 41°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि अधिकतम तापमान में बहुत बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, फिर भी बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी से दिन की तपिश कम होगी, जिससे आम जनता को बढ़ती गर्मी से कुछ दिनों के लिए सुकून मिल सकता है।








