Breaking

बड़ा हादसा: कांकेर में आकाशीय बिजली गिरने से डिप्टी सरपंच समेत 3 की मौत, 5 महिलाएं झुलसीं

Chhattisgarh 12 June 2026

post

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक बेहद दुखद और बड़ा हादसा सामने आया है। शुक्रवार सुबह जिले के अंतागढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले कलगांव में आकाशीय बिजली (गाज) गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों में स्थानीय उप-सरपंच भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और गांव में सन्नाटा है।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, कलगांव में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत तालाब गहरीकरण का काम चल रहा था। सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और मजदूर तालाब पर काम करने के लिए जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे काम कर रहे लोगों पर आ गिरी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

इस आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उप-सरपंच और दो अन्य ग्रामीणों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, तालाब में काम कर रही 5 महिलाएं भी इस आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई हैं। हादसे के तुरंत बाद आस-पास के लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रशासनिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। मानसून की दस्तक के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने भी ग्रामीणों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या जल स्रोतों के पास न रहने की सख्त हिदायत दी है।

You might also like!