Breaking

Chhattisgarh Foundation Day 2026 : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई, लाल आतंक से मुक्ति के बाद नए युग में प्रवेश कर रहा प्रदेश

Chhattisgarh 01 November 2026 (9)

post

रायपुर, 1 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का अवसर है। इस विशेष अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से ही अलग छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ था।

Advertisement

लाल आतंक से मुक्ति और शांति का नया दौर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में बेहद ऐतिहासिक है। यह पहला राज्योत्सव है जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक (नक्सलवाद) से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यह ऐतिहासिक सफलता संभव हुई है। उन्होंने इस उपलब्धि में वीर सुरक्षा जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को भी नमन किया।

विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के हर गांव में खुशहाली लाना, युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि स्थापना दिवस के इस पावन अवसर पर सब मिलकर वर्ष 2047 तक एक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें।

You might also like!