Breaking

CG News: मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत बोर्ड परीक्षा के टॉप-10 छात्रों का होगा सम्मान, सीएम साय आज बांटेंगे पुरस्कार

Chhattisgarh RRT News Desk 05 June 2026

post

CG News- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में मेधावी छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए एक विशेष गरिमामयी कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर ढाई बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित होने वाले इस समारोह में 'मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना' के अंतर्गत प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य के होनहार बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना और उनके बेहतर भविष्य की नींव रखना है।

Advertisement

श्रमिक परिवारों के होनहार बच्चों को मिलेगा लाभ

इस विशेष सम्मान समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं में पूरे प्रदेश के टॉप-10 (शीर्ष दस) में अपनी जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। गौरतलब है कि इस योजना के तहत केवल उन मेधावी बच्चों का चयन किया गया है, जिनके माता-पिता छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिक हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और श्रमिक परिवारों के इन बच्चों की इस बड़ी उपलब्धि को सरकार सार्वजनिक मंच से सराहने जा रही है।

शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए साय सरकार की बड़ी पहल

मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के जरिए साय सरकार प्रदेश के दूर-दराज और गरीब परिवारों तक शिक्षा की अलख जगाने का प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं मेधावी बच्चों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और प्रोत्साहन राशि सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगे। शासन का मानना है कि इस तरह के सम्मान से न केवल पुरस्कृत होने वाले छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि समाज के अन्य गरीब व मजदूर परिवारों के बच्चे भी लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित होंगे।

You might also like!