Breaking

Development News: 260 गांवों में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

Chhattisgarh 05 September 2026

post

रायपुर, 5 सितंबर 2026। बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को गति देने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का विस्तार किया जा रहा है। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के ग्राम सगुनी में आयोजित कार्यक्रम में नव निर्मित रंगमंच और अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। इस दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए शिक्षकों का सम्मान किया गया और महिलाओं को पूरक आहार वितरित किया गया।

Advertisement

260 गांवों और 2 नगरपालिकाओं में विकास पर जोर

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के करीब 260 गांवों और 2 नगरपालिकाओं में विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। विकास कार्यों का आवंटन बिना भेदभाव के किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पंचायत और गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जा रहा है। ग्रामीण अधोसंरचना के विकास से लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास है।

तिल्दा के 40 स्कूलों में अतिरिक्त कमरों का निर्माण

ग्रामीण बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है। तिल्दा ब्लॉक के 40 स्कूलों में अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूलों में पेयजल, बाउंड्री वॉल और शौचालय जैसी सुविधाओं के कार्य भी किए जा रहे हैं।

गांवों में आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के साथ खेल मैदान और सामुदायिक शेड विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे बच्चों, महिलाओं और ग्रामीण समुदाय के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा।

50 गांवों में नई लाइटों के लिए 2 करोड़ रुपये

ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना सुधार के तहत विधानसभा के 50 गांवों में नई लाइटें लगाने के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत कर जारी की गई है। इसके अलावा विभिन्न गांवों में मुक्तिधाम निर्माण, तालाबों के सौंदर्यीकरण और पिंडा-बूतरा निर्माण के कार्य भी चल रहे हैं।

राजस्व विभाग के माध्यम से करीब 15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से गांवों में सार्वजनिक सुविधाओं और अधोसंरचना को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

17 सितंबर को दीप प्रज्वलन का आह्वान

मंत्री टंक राम वर्मा ने 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नागरिकों से दीप प्रज्वलित कर आयोजन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

You might also like!