Breaking

राज्योत्सव के मंच से उभरेगा डिजिटल और विकसित छत्तीसगढ़, एक नवंबर को पीएम मोदी करेंगे राज्योत्सव का शुभारंभ

Chhattisgarh RRT News Desk 23 October 2025

post

नया रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इस वर्ष राज्य सरकार भव्य रजत राज्योत्सव मनाने जा रही है। राजधानी नया रायपुर में 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और आधुनिक स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।

Advertisement

पीएम करेंगे कई बड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान देश के पहले आदिवासी डिजिटल संग्रहालय, नया विधानसभा भवन और ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की ‘शांति शिखर’ अकादमी का भी उद्घाटन करेंगे। वे सत्य सांई हॉस्पिटल में हृदय उपचार से लाभान्वित बच्चों से भी मुलाकात करेंगे।

संस्कृति मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राज्योत्सव की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राज्योत्सव स्थल पर राज्य और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों की आकर्षक प्रदर्शनी, फूड जोन, शिल्पग्राम और मनोरंजन के लिए विभिन्न स्टॉल लगाये जाएंगे।

मंत्री अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से राज्योत्सव और संग्रहालय का अवलोकन कर राज्य की गौरवगाथा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह राज्योत्सव, छत्तीसगढ़ की गौरवमयी विकास यात्रा का उत्सव है।

उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति में बन रहे नवीन आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय और पुरखौती मुक्तांगन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुरखौती मुक्तांगन में नवनिर्मित रामवनगमन पथ, सीताबेंगरा एवं रामगढ़ की पहाड़ी की प्रतिकृति का अवलोकन किया और कार्यों की जानकारी ली।

डिजिटल तकनीक से लैस है आदिवासी संग्रहालय

नवा रायपुर में विकसित देश का पहला आधुनिक आदिवासी डिजिटल संग्रहालय, छत्तीसगढ़ के जननायकों, वीरता और लोक संस्कृति की गाथा को नवीन तकनीक और वर्चुअल रियलिटी माध्यम से प्रस्तुत करेगा। संग्रहालय में पारंपरिक कलाओं के साथ डिजिटल इंटरएक्टिव अनुभव भी होंगे।

मंत्री अग्रवाल ने बताया कि ‘इस वर्ष राज्योत्सव ‘नई सोच, नया छत्तीसगढ़’ थीम पर मनाया जा रहा है, जो राज्य के डिजिटल, सांस्कृतिक और विकासशील स्वरूप का प्रतीक बनेगा।‘ संग्रहालय में एआई पर आधारित डिजिटल स्वचालित कैमरे लगाए गए हैं, जिसमें कैमरे के सामने आने पर स्वतः ही आदिवासी वेषभूषा पर छायाचित्र खिंच जाती है।

ये रहेंगे आकर्षण के केंद्र

25वें राज्योत्सव में देश-विदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियां, भारतीय वायुसेना का सूर्यकिरण एयर शो, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, स्थानीय उत्पादों के स्टॉल, डिजिटल एक्सपीरियंस जोन और वीआर जोन विशेष आकर्षण रहेंगे। राज्योत्सव स्थल पर तीन विशाल डोम बनाए जा रहे हैं, जिनमें 60 एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं।

आगंतुकों की सुविधा के लिए 40 हजार वाहनों की पार्किंग, 300 शौचालय, 20 बेड का अस्थायी हॉस्पिटल, आईसीयू यूनिट और 25 एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नए चौराहों का सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था का कार्य भी अंतिम चरण में है।

You might also like!