Breaking

‘दृश्य संवाद 2026’ में तस्वीरों में दिखा छत्तीसगढ़, फोटो जर्नलिस्टों का हुआ सम्मान

Chhattisgarh 19 August 2026

post

रायपुर, 19 अगस्त 2026। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। प्रदर्शनी में प्रेस फोटो जर्नलिस्टों के साथ प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। तस्वीरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, परंपरा और जनसरोकार से जुड़े विषयों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

Advertisement

Photo Exhibition: चार कैटेगरी में प्रदर्शित हुई तस्वीरें

‘दृश्य संवाद 2026’ में तस्वीरों को प्रकृति एवं पर्यावरण, संस्कृति एवं परंपरा, समाचार एवं जनसरोकार और ओपन कैटेगरी में प्रदर्शित किया गया है। प्रकृति एवं पर्यावरण से जुड़ी तस्वीरों में छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य को दिखाया गया है, जबकि संस्कृति एवं परंपरा की तस्वीरों में प्रदेश की लोककला और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलती है। समाचार एवं जनसरोकार श्रेणी में फोटो जर्नलिस्टों ने महत्वपूर्ण घटनाओं और सामाजिक मुद्दों को तस्वीरों के माध्यम से सामने रखा है।

इस वर्ष प्रदर्शनी को व्यापक स्वरूप देते हुए प्रेस क्लब के गैर-सदस्य प्रोफेशनल और शौकिया फोटोग्राफरों को भी भागीदारी का अवसर दिया गया। ओपन कैटेगरी में 35 से अधिक प्रतिभागियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।

Photo Journalism: तस्वीर एक पल को इतिहास में दर्ज करती है

प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फोटो जर्नलिस्टों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि फोटोग्राफी केवल कैमरे से तस्वीर खींचना नहीं, बल्कि किसी महत्वपूर्ण पल को इतिहास के लिए सुरक्षित करने की कला और जिम्मेदारी है। फोटो जर्नलिज्म में घटनास्थल की परिस्थितियों के बीच कम समय में महत्वपूर्ण क्षण को पहचानकर उसे सही एंगल से कैमरे में कैद करना चुनौतीपूर्ण कार्य है।

उन्होंने कहा कि एक प्रभावी तस्वीर के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, सही समय की पहचान और परिस्थितियों को समझने की दृष्टि जरूरी है। कई बार जो बात शब्दों में विस्तार से बतानी पड़ती है, वही एक तस्वीर कुछ क्षण में लोगों तक पहुंचा देती है। उन्होंने विश्व फोटोग्राफी दिवस पर प्रदर्शनी आयोजित करने के लिए रायपुर प्रेस क्लब की सराहना की और सभी फोटो जर्नलिस्टों व फोटोग्राफरों को शुभकामनाएं दीं।

Journalism: तस्वीर पत्रकारिता को बनाती है प्रभावी

रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि ‘दृश्य संवाद’ केवल फोटो प्रदर्शनी नहीं, बल्कि तस्वीरों के माध्यम से समाज और समय से संवाद करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि फोटो जर्नलिस्टों के बिना पत्रकारिता अधूरी है। किसी खबर को जीवंत और प्रभावशाली बनाने में तस्वीर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि एक सशक्त तस्वीर कई बार बिना लंबे कैप्शन के भी पूरी कहानी कहने की क्षमता रखती है। कैमरे में कैद किया गया क्षण आने वाले समय में संबंधित घटना का दस्तावेज बन जाता है। उन्होंने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब आने वाले वर्षों में भी विश्व फोटोग्राफी दिवस पर इस तरह की फोटो प्रदर्शनी और फोटो जर्नलिज्म से जुड़ी गतिविधियों की परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों, फोटो जर्नलिस्टों और बड़ी संख्या में पत्रकारों की मौजूदगी रही। ‘दृश्य संवाद 2026’ प्रदर्शनी तीन दिनों तक चलेगी, जहां दर्शक छत्तीसगढ़ की प्रकृति, संस्कृति, समाज और घटनाक्रम को फोटो जर्नलिस्टों के नजरिए से देख सकेंगे।

You might also like!