दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय परिसर में 4 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक सर्जिकल विंग (फेज-2) के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को निजी अस्पताल जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि नए सर्जिकल विंग में 7 आधुनिक पेइंग रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो विशाल वेटिंग हॉल, सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग, टेलीविजन सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे मरीजों को बेहतर इलाज के साथ उनके परिजनों को भी अधिक सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड की सुविधा नहीं होने के कारण कई मरीज, विशेषकर प्रसूता महिलाओं के परिजन, निजी अस्पतालों का रुख करने को मजबूर थे। नए पेइंग वार्ड के शुरू होने से डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा को चिकित्सकीय निगरानी में सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
मंत्री ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले जिला अस्पताल में पेइंग वार्ड संचालित होता था, जिसमें अलग किचन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध थीं। अब इस व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप में फिर से शुरू किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में जिला अस्पताल में एमआरआई सेंटर और सीटी स्कैन सेंटर स्थापित करने की भी योजना है, जिससे उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं जिले में ही उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्याम शर्मा, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन डॉ. आशिष मिंज, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।








