रायपुर। राज्योत्सव के अवसर पर नवा रायपुर में भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित होने वाले भव्य एयरशो के कारण स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट (माना) में 4 और 5 नवंबर को उड़ानों के समय में परिवर्तन किया जा सकता है।
एयरशो में वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक डिस्प्ले टीम और अन्य हेलीकॉप्टरों का शौर्य प्रदर्शन प्रस्तावित है। इसके लिए 4 नवंबर को रिहर्सल और 5 नवंबर को मुख्य शो आयोजित किया जाएगा, जिसके चलते नागरिक उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव किया जा सकता है।
दोपहर में एयरस्पेस रहेगा आरक्षित
जानकारी के अनुसार, रिहर्सल दिवस (4 नवंबर) और शो दिवस (5 नवंबर) को दोपहर के समय एयरस्पेस को वायुसेना के करतबों के लिए आरक्षित रखा जाएगा। परिणामस्वरूप, आगमन और प्रस्थान करने वाली कई कमर्शियल फ्लाइट्स के समय में बदलाव किया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा करने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइंस से उड़ान के नए समय की पुष्टि अवश्य कर लें।
सेवा की गुणवत्ता सर्वे में रायपुर एयरपोर्ट को 8वां स्थान
एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल (ACI) के एयरपोर्ट सर्विस क्वॉलिटी (ASQ) सर्वे की तीसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर 2025) के नतीजे जारी हो गए हैं। इस रिपोर्ट में रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट देश के टॉप 10 एयरपोर्ट्स में जगह बनाने में सफल रहा है। माना स्थित इस एयरपोर्ट को आठवां स्थान मिला है। वर्ष 2024 की इसी अवधि में भी रायपुर एयरपोर्ट इसी 8वें स्थान पर था।
यह सर्वे एशिया पैसिफिक के 98 एयरपोर्ट्स में किया गया। सर्वे में उन्हीं हवाईअड्डों को शामिल किया जाता है जहां सालाना 18 लाख से ज्यादा यात्री आते-जाते हैं। सर्वे में पहला स्थान पुणे, दूसरा गोवा और तीसरा वाराणसी एयरपोर्ट को मिला है।
योगेश नगाइच बने माना एयरपोर्ट रायपुर के नए डायरेक्टर
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने योगेश नगाइच को माना एयरपोर्ट रायपुर का नया निदेशक नियुक्त किया है। वे उदयपुर से स्थानांतरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे के मद्देनजर अथॉरिटी ने यह नियुक्ति की है। यह पद बीते छह माह से अधिक समय से रिक्त था।
इलेक्ट्रिकल इंजीनियर नगाइच 25 अक्टूबर को पदभार ग्रहण करेंगे। इससे पहले वे भोपाल, इंदौर, आगरा और श्रीनगर एयरपोर्ट पर पदस्थ रहे हैं। नगाइच एयरपोर्ट अथॉरिटी में बीते 32 वर्षों से अलग-अलग पदों पर कार्य कर चुके हैं।








