RRT News Sukma: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से एक बेहद हृदयविदारक और दुखद घटना सामने आई है, जहां खेल-खेल में दो मासूम बच्चों की जान चली गई। गादीरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम एटपाल के कवासीपारा इलाके में रहने वाले दो मासूम बच्चे बुधवार को घर के पास ही खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे परिजनों को बिना कुछ बताए पास ही बहने वाली मालगेर नदी की तरफ चले गए। तपती गर्मी के बीच दोनों मासूमों ने नहाने के लिए नदी के पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वे नदी की गहराई और पानी के तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगा सके।
नदी में नहाने के दौरान दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए और नदी की तेज धार में बहने लगे। तैरना न जानने के कारण दोनों मासूम खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते पानी में पूरी तरह डूब गए। काफी देर तक जब बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान जब कुछ ग्रामीण नदी की तरफ गए, तो उन्हें बच्चों के डूबने की आशंका हुई। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों दम तोड़ चुके थे।
इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही कवासीपारा और पूरे एटपाल गांव में फैली, वहां चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। खेल-खेल में उजड़े दो परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही गादीरास थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर नदी-नालों के किनारे रहने वाले बच्चों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।







