रायपुर। राजधानी रायपुर में गौरवपथ 2.0 के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम द्वारा सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक करीब 1300 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े सड़क मार्ग के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। लगभग 12 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से होने वाले इस कार्य से सड़क की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड़ और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
राजधानी की सबसे स्मार्ट रोड बनाने पर जोर
इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गौरवपथ 2.0 को राजधानी की सबसे स्मार्ट सड़क के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक का मार्ग धमतरी, देवभोग, विशाखापट्टनम और बस्तर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। ऐसे में इसका व्यवस्थित और आधुनिक विकास जरूरी है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से जनता के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। साथ ही नागरिकों से भी शहर के व्यवस्थित विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ड्रेनेज और डक्ट सिस्टम मजबूत बनाने की मांग
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि गौरवपथ 2.0 का विकास गौरवपथ 1.0 की तर्ज पर किया जाना चाहिए। उन्होंने सड़क निर्माण के साथ डक्ट, वाटर सप्लाई और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत बनाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में किसी काम के लिए नई सड़क को दोबारा खोदने की जरूरत न पड़े।
उन्होंने तात्यापारा चौक से शारदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी जल्द शुरू कराने की आवश्यकता बताई।
महापौर बोलीं- किसी दुकान को नहीं तोड़ा जाएगा
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि गौरवपथ 2.0 योजना के तहत केवल विकास और सौंदर्यीकरण का काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार की दुकान नहीं तोड़ी जाएगी। करीब 1300 मीटर लंबे और 24 मीटर चौड़े मार्ग का विकास लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि गौरवपथ 2.0 के सौंदर्यीकरण और विकास की पहल जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयासों का परिणाम है। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारी, पार्षद, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।







