Breaking

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने बिखेरी संस्कृति की रंगत, सरगुजा संभाग ने जीता पहला स्थान

Chhattisgarh 15 August 2026

post

रायपुर, 15 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। करीब 850 स्कूली विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग ने पहला, दुर्ग संभाग ने दूसरा और रायपुर संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विजेता विद्यार्थियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया।

Advertisement

सरगुजा संभाग की प्रस्तुति रही प्रथम

छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र के सरगुजा संभाग के 286 छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् की 150 वर्षों की यात्रा, मातृभूमि के प्रति प्रेम और देश की युवा शक्ति को अपनी नृत्य एवं गीत प्रस्तुति के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। उनकी प्रस्तुति में देश के विकास और नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ते भारत की झलक भी देखने को मिली।

दुर्ग संभाग ने हासिल किया दूसरा स्थान

छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र के दुर्ग संभाग के 277 विद्यार्थियों ने सजता, संवरता, निखरता ये देश... गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग अवसरों पर होने वाली नृत्य शैलियों की सुंदर झलक पेश की। कदमों की लय, ऊर्जा और भाव-भंगिमाओं के जरिए बच्चों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

रायपुर संभाग की प्रस्तुति में दिखा जवानों का शौर्य

मध्य क्षेत्र के रायपुर संभाग के 280 विद्यार्थियों ने संकल्प बोल के हम तो निकल पड़े... फ्यूजन गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को मंच पर जीवंत किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने न केवल छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साह और शानदार प्रदर्शन समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा।

You might also like!