RRT News- छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नागपुर चौकी क्षेत्र के बरबसपुर में मंगलवार की रात एक सनकी पति ने मामूली विवाद और चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पति को लंबे समय से अपनी पत्नी पर यह शक था कि वह अन्य गैरमर्दों से बातचीत करती है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मंगलवार की रात को इसी शंका और आपसी कहासुनी ने एक भयानक खूनी खेल का रूप ले लिया।
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब रात को आरोपी ने अपनी पत्नी से खाना मांगा। पत्नी द्वारा खाना परोसने से मना करने पर गुस्से में आकर पति ने उसे एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। आत्मसम्मान में पत्नी ने भी पलटकर पति को थप्पड़ मार दिया, जो आरोपी के अहंकार को बर्दाश्त नहीं हुआ। पत्नी के इस पलटवार से आगबबूला होकर आरोपी घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठा लाया और अपनी पत्नी के गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी के इस जानलेवा हमले के कारण अत्यधिक खून बह जाने से महिला की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद जब आरोपी शांत हुआ, तो उसने खुद ही पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इसकी सूचना स्थानीय नागपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन में खोजी दस्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को जब्त करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।







