रायपुर में चिकित्सा शिक्षा विभाग की बैठक में मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स की समस्याओं और मांगों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा रितेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में आईएमए प्रतिनिधियों और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स ने अपनी समस्याएं रखीं। बैठक का उद्देश्य इंटर्न्स की मांगों पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में कदम उठाना था।

बैठक में इंटर्न्स ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग प्रमुखता से रखी। विभाग की ओर से कहा गया कि छात्र हित में सरकार हरसंभव कदम उठा रही है और स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही चालू वित्तीय वर्ष के बजट में प्रदेश के लगभग सभी मेडिकल कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल निर्माण को मंजूरी दिए जाने की जानकारी दी गई।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं करने की अपील भी की गई। IMA-MSN Chhattisgarh के संयोजक शाहदिल ख़ुसरू ने बैठक को समस्या समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। बैठक में रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, कांकेर और अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स शामिल हुए।







