Breaking

Electricity News: बकाया बिजली बिल पर विधायक चैतराम अटामी के आवास की कटी बिजली, दोनों कनेक्शन हुए बंद

Chhattisgarh 04 September 2026

post

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ में बिजली बिल के बकायादारों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी को आवंटित गीदम स्थित आवास के दोनों बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। बताया गया है कि दोनों कनेक्शनों पर करीब तीन लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के बाद बिजली विभाग ने कनेक्शन विच्छेदित करने की कार्रवाई की।

Advertisement

2023 से जमा नहीं हुआ था बिजली बिल

बिजली विभाग के अनुसार, आवास परिसर में लगे एक सिंगल फेज कनेक्शन पर करीब 2.30 लाख रुपये का बकाया है। इस कनेक्शन का बिल वर्ष 2023 से जमा नहीं किया गया था। वहीं, दूसरे थ्री फेज कनेक्शन पर भी 50,250 रुपये से अधिक की राशि लंबित थी। इसका भुगतान करीब एक साल से नहीं हुआ था।

वन विभाग के भवन में आवंटित है आवास

गीदम स्थित संबंधित भवन वन विभाग का है, जिसे वर्तमान में विधायक चैतराम अटामी को आवंटित किया गया है। भवन परिसर में बिजली के दो कनेक्शन लगे हुए हैं। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण विभाग ने दोनों कनेक्शन काट दिए।

मीटर के नाम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं

वन विभाग के रेंजर शिव टंडन के मुताबिक, परिसर में लगे एक मीटर का कनेक्शन किसी कुंवर के नाम पर दर्ज है और उस पर ढाई लाख रुपये से अधिक का बकाया बताया गया है। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर बातचीत जारी है। वहीं बिजली विभाग के सहायक अभियंता अविनाश लकड़ा ने भी बकाया बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काटे जाने की पुष्टि की है।

बकायादारों पर कार्रवाई का संदेश

विधायक के आवास की बिजली काटे जाने की कार्रवाई के बाद बिजली बिल के बकायादारों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। विभाग की कार्रवाई से साफ है कि लंबे समय तक बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।

You might also like!