Breaking

भीषण सड़क हादसा: ट्रक और यात्री बस में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, 6 यात्री घायल, केबिन में फंसे ड्राइवर का रेस्क्यू!

Chhattisgarh RRT News Desk 17 June 2026

post

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आज एक बेहद खौफनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पाली के पास स्थित तेंदूपत्ता गोदाम के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और खचाखच भरी यात्री बस के बीच आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी गूंज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हादसे के वक्त यात्री बस में करीब 40 से 50 लोग सवार थे, जिनमें से 6 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब यात्री बस कोरबा से बिलासपुर की ओर रवाना हुई थी। जैसे ही बस पाली क्षेत्र के तेंदूपत्ता गोदाम के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण इंपैक्ट बहुत तेज था, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस भयावह टक्कर के कारण बस का चालक स्टीयरिंग और केबिन के मलबे के बीच ही फंस गया और दर्द से कराहने लगा।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की भयानक स्थिति को देखते हुए राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पुलिस को सूचना दी। पाली थाना पुलिस की टीम बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों की मदद से सबसे पहले बस के भीतर फंसे डरे-सहमे यात्रियों को सुरक्षित खिड़कियों और दरवाजों के रास्ते बाहर निकाला गया। इसके बाद केबिन में फंसे लहूलुहान बस चालक को निकालने के लिए कटर और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। काफी मशक्कत और सूझबूझ के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर सभी घायल यात्रियों के साथ तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

You might also like!