Breaking

प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली अमृतलाल के परिवार की जिंदगी, पक्के घर ने दिया सम्मान और सुरक्षा

Chhattisgarh RRT News Desk 26 June 2026

post

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से गरीब परिवारों के पक्के घर का सपना लगातार साकार हो रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम पंचायत पंडरीपानी निवासी अमृतलाल का परिवार इसका जीवंत उदाहरण है, जिसे अब सुरक्षित और सुविधायुक्त पक्का आवास मिल चुका है।

Advertisement

अमृतलाल ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मिट्टी के मकान में रहता था। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकता था, दीवारों में सीलन आ जाती थी और पूरे परिवार को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्वयं पक्का मकान बनाना संभव नहीं था।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ। अब परिवार मजबूत और सुरक्षित पक्के घर में रह रहा है, जिससे बारिश सहित अन्य मौसम संबंधी कठिनाइयों से राहत मिली है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला है और पूरे परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर हुआ है।

हाल ही में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने अमृतलाल के नए आवास का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अमृतलाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को केवल पक्का घर ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की नई उम्मीद भी दी है।

प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री आवास योजना इसी संकल्प को साकार करते हुए हजारों परिवारों के जीवन में खुशहाली ला रही है।

You might also like!