रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए टीम प्रहरी अभियान के तहत अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जोन-4 क्षेत्र के बैजनाथपारा मुख्य मार्ग पर अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जों की वीडियोग्राफी कराई गई और संबंधित दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।

दुकानदारों से वसूला ₹31,500 का ई-चालान
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर नगर निगम की नगर निवेश विभाग की टीम ने कार्रवाई की। अभियान में नगर निगम अपर आयुक्त नगर निवेश पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, सहायक अभियंता नीतीश झा सहित यातायात पुलिस और नगर निगम मुख्यालय के उड़नदस्ते की टीम शामिल रही।
कार्रवाई के दौरान बैजनाथपारा मुख्य मार्ग पर दुकानदारों के कब्जों की वीडियोग्राफी कराई गई। संबंधित दुकानदारों को नियमानुसार चेतावनी देते हुए कुल 31,500 रुपये का ई-चालान वसूला गया।
सड़क पर सामान रखा तो होगी जब्ती
अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट समझाइश दी कि वे सड़क पर किसी भी तरह का कब्जा या सामान रखकर यातायात बाधित न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया तो यातायात जाम की समस्या दूर करने के लिए सामान को सख्ती से जब्त किया जा सकता है।
निगम ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में संबंधित कब्जाधारी दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।
यातायात व्यवस्था सुधारने लगातार अभियान
नगर निगम के अनुसार टीम प्रहरी अभियान के तहत लगातार चलाए जा रहे अतिक्रमणरोधी अभियान का उद्देश्य राजधानी के बाजार क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करना है। अभियान से कई इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिली है और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल रही है।
नगर निगम और यातायात पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।






